थाईलैंड-कंबोडिया सीमा विवाद: संघर्षविराम पर दोनों देश सहमत

दिल्ली: थाईलैंड और कंबोडिया ने सीमा विवाद को लेकर जारी हिंसक झड़पों को रोकने के लिए सोमवार आधी रात से प्रभावी संघर्षविराम पर सहमति जता दी है। यह फैसला दोनों देशों के नेताओं के बीच मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में हुई बैठक के बाद लिया गया, जिसकी मेजबानी मलेशिया के प्रधानमंत्री और ASEAN के मौजूदा अध्यक्ष अनवर इब्राहिम ने की। यह संघर्षविराम बीते पांच दिनों से चल रही झड़पों को समाप्त करने के उद्देश्य से किया गया है, जो पिछले एक दशक में सबसे भीषण माना जा रहा है। सीमा विवाद के चलते गत गुरुवार को झड़पें शुरू हुई थीं, जिसके बाद अनवर इब्राहिम ने तुरंत बातचीत का प्रस्ताव दिया।

इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दोनों देशों के नेताओं से फोन पर बातचीत कर चेतावनी दी थी कि यदि हिंसा नहीं रुकी तो अमेरिका व्यापार समझौते पर आगे नहीं बढ़ेगा। तनाव उस समय और गहरा गया जब मई के अंत में एक झड़प के दौरान एक कंबोडियाई सैनिक की मौत हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों ने सीमा पर सैन्य तैनाती बढ़ा दी थी, जिससे थाईलैंड की नाजुक गठबंधन सरकार पर दबाव और संकट बढ़ गया था।

बैठक के बाद कंबोडियाई प्रधानमंत्री हुन मानेट ने कहा, “आज की बैठक सकारात्मक रही। हमें उम्मीद है कि यह संघर्ष रोकने की दिशा में निर्णायक कदम होगा, जिससे कई लोगों की जान गई और सैकड़ों विस्थापित हुए।” वहीं थाईलैंड के कार्यवाहक प्रधानमंत्री फुमथाम वेचयाचाई ने भरोसा जताया कि, “संघर्षविराम को पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ लागू किया जाएगा।”

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया TRUTH WATCH INDIA के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts