नई दिल्ली: केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने 10 महीने की नन्हीं एलिन शेरिन अब्राहम के माता-पिता द्वारा अंगदान का निर्णय लेने की सराहना की है। राज्यपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा किए संदेश में अरुण अब्राहम और शेरिन जॉन के इस नेक कदम को अत्यंत प्रेरणादायक और मानवीय बताया और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की।
एलिन अब्राहम के अंगदान के कारण पांच लोगों को नया जीवन मिला है। बच्ची का लिवर, दो किडनी, हार्ट वाल्व और कॉर्निया ट्रांसप्लांट किए गए। जिन पांच लोगों को नई जिंदगी मिली, उनमें दो गंभीर रूप से बीमार बच्चे भी शामिल हैं। एक बच्चे को लिवर मिला जबकि किडनी दूसरे बच्चे को दी गईं, और हार्ट वाल्व तथा कॉर्निया भी ज़रूरतमंद मरीजों को ट्रांसप्लांट किए गए।
पठानमथिट्टा जिले के मल्लापल्ली की रहने वाली एलिन शेरिन अब्राहम 5 फरवरी की दोपहर सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गई थी। शुरुआती इलाज के बाद बच्ची को कोच्चि ले जाया गया, लेकिन 13 फरवरी 2026 को डॉक्टरों ने उसे ब्रेन डेड घोषित कर दिया। इस अपार दुख के बावजूद, नन्हीं एलिन के माता-पिता ने हिम्मत और मानवता की मिसाल पेश करते हुए उसके अंगदान का फैसला किया, जिससे एलिन केरल की सबसे कम उम्र की ऑर्गन डोनर बन गई।
