लखनऊ में एयरफोर्स चीफ और अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला का संदेश: बोले- बड़े सपने देखें, सिर्फ CV नहीं, चरित्र भी मजबूत बनाएं; छात्रों के प्रयोग पहुंचेंगे अंतरिक्ष तक

Lucknow: लखनऊ के CMS गोल्फ सिटी कैंपस में सोमवार, 23 नवंबर को विज्ञान मेले का आयोजन किया गया। इस खास कार्यक्रम में भारतीय वायुसेना के प्रमुख एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित और अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला शामिल हुए। दोनों ने छात्रों की ओर से तैयार किए गए विज्ञान मॉडल और वैज्ञानिक प्रयोगों को देखा और बच्चों से बातचीत कर उनके आइडिया की जानकारी ली।

इस दौरान वायुसेना प्रमुख आशुतोष दीक्षित ने छात्रों को बड़े सपने देखने, मेहनत करने और अपने चरित्र को मजबूत बनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को सिर्फ अपना CV बनाने पर ध्यान नहीं देना चाहिए, बल्कि एक अच्छा इंसान बनने की दिशा में भी काम करना चाहिए। सफलता मिलने पर हमेशा विनम्र रहें और कभी हार न मानें।

आशुतोष दीक्षित ने कहा कि रोजमर्रा के छोटे-छोटे फैसले ही भविष्य की बड़ी सफलता तय करते हैं। छात्रों को नई तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और अंतरिक्ष अनुसंधान में योगदान देने का लक्ष्य रखना चाहिए। उन्होंने शिक्षकों से भी अपील की कि वे बच्चों में जिज्ञासा, रचनात्मकता और सवाल पूछने का आत्मविश्वास विकसित करें।

वहीं, अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उनका सफर लखनऊ से ही शुरू हुआ था। माता-पिता और CMS के शिक्षकों ने उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने अंतरिक्ष से पृथ्वी को देखने के अनुभव को बेहद अनमोल बताया और कहा कि आसमान कभी सीमा नहीं था, न मेरे लिए, न आपके लिए और न ही भारत के लिए।

इस विज्ञान मेले की सबसे खास बात यह रही कि CMS के छात्रों के प्रयोगों को अंतरिक्ष तक पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए वॉयेजर मिक्सस्टिक्स माइक्रोग्रैविटी स्टूडेंट रिसर्च प्रोग्राम शुरू किया गया है। इसके तहत कक्षा 6 से 12 तक के छात्र प्रयोग तैयार करेंगे। चयनित प्रयोगों को वर्ष 2027 में इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन यानी ISS पर आजमाने का अवसर मिल सकता है।

कार्यक्रम में रोबोटिक्स, ड्रोन, मोबाइल प्लेनेटेरियम, चंद्रमा की विशाल प्रतिकृति और अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़े कई आकर्षक मॉडल भी प्रदर्शित किए गए।

Related posts