हमास ने दिया इजराइल को 60 दिन के संघर्ष विराम का प्रस्ताव

नई दिल्ली: गाजा पर संपूर्ण कब्जे की तैयारी कर रहे इजराइल के दबाव का असर दिखने लगा है। फिलिस्तीन में आंदोलन का झंडा बुलंद करने वाले हमास ने इजराइल को 60 दिन के संघर्ष विराम का प्रस्ताव दिया है। साथ ही उसने आधे बंधकों को भी रिहा करने की बात कही है। बदले में इजराइल को भी जेलों में बंद कुछ फिलिस्तीनी छोड़ने होंगे।

इजराइली मीडिया ने हमास का प्रस्ताव मिलने की पुष्टि की है, लेकिन इजराइल की तरफ से अभी आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से जारी वीडियो में बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि आप की तरह मुझे भी मीडिया से जानकारी मिली है और इससे आप सहज अंदाजा लगा सकते हैं कि हमास भयानक दबाव में है।

बीते दिनों इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा था कि गाजा में हमास के खिलाफ चल रहा युद्ध अब अपने अंत के करीब है। उन्होंने यह बयान यरुशलम में नए केनेस्सेट संग्रहालय के उद्घाटन समारोह में दिया था, जो 1950 से 1966 तक संसद का कार्यस्थल रहा था।

नेतन्याहू ने कहा था, “इन्हीं दिनों में, जब हमें खत्म करने आए लोगों के खिलाफ बड़ी जीतें हासिल हो रही हैं, जब हम अभियान के अंत के करीब खड़े हैं और ईरानी धुरी के अवशेषों को हराने तथा सभी बंधकों को मुक्त कराने का प्रयास कर रहे हैं, तब हम यरुशलम के हृदय में अपने अस्तित्व और स्वतंत्रता का उत्सव मना रहे हैं।”

एक दिन पहले पीएम नेतन्याहू ने कहा था कि अमेरिका के साथ अतिरिक्त मानवीय उपायों पर चर्चा चल रही है। इसमें जमीन के रास्ते और एयरड्रॉप के जरिए राहत सामग्री पहुंचाने के प्रयासों को तेज करना तथा गाजा ह्यूमैनिटेरियन फाउंडेशन के वितरण केंद्रों की क्षमता बढ़ाना शामिल है। हम उम्मीद करते हैं कि भविष्य में संयुक्त राष्ट्र सहित अन्य अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं भी इस अभियान में शामिल होंगी। उन्होंने अतीत में गाजा में यूएन की भूमिका की आलोचना भी की।

नेतन्याहू ने दावा किया था कि गाजा में ‘जानबूझकर सिर्फ इजराइली बंधक’ रखे जा रहे हैं, जिन्हें हमास ने कब्जे में लिया है। उन्होंने वैश्विक मीडिया पर आरोप लगाया कि वह हमास द्वारा जारी की गई झूठी तस्वीरों और आंकड़ों पर भरोसा कर रहा है। भूख से पीड़ित बच्चों की जो तस्वीरें दिखाई जा रही हैं, वे या तो गलत हैं या फर्जी हैं।

 

 

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया TRUTH WATCH INDIA के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts