कोटक बैंक के MD-CEO का पद छोड़ेंगे अशोक वासवानी: दिसंबर 2026 के बाद नहीं होगी दोबारा नियुक्ति, नए CEO की तलाश शुरू

न्यू दिल्ली : कोटक महिंद्रा बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर अशोक वासवानी 31 दिसंबर 2026 को अपना कार्यकाल पूरा होने के बाद पद छोड़ देंगे। बैंक ने स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी में बताया कि वासवानी ने व्यक्तिगत कारणों से दोबारा नियुक्ति नहीं लेने का फैसला किया है। बैंक के बोर्ड ने उनके फैसले को स्वीकार करते हुए नए MD और CEO की तलाश की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

कोटक महिंद्रा बैंक की ओर से बताया गया कि अशोक वासवानी ने बोर्ड को अपने निर्णय की जानकारी पहले ही दे दी थी। बोर्ड की बैठक में उनके फैसले पर सहमति जताई गई और अब तय समय सीमा के अंदर नए नेतृत्व की नियुक्ति पूरी करने की तैयारी की जा रही है।

अशोक वासवानी ने सितंबर 2023 में उदय कोटक के इस्तीफे के बाद बैंक की कमान संभाली थी। भारतीय रिजर्व बैंक की मंजूरी के बाद उन्होंने 1 जनवरी 2024 को तीन साल के कार्यकाल के लिए MD और CEO का पद संभाला था। उनके नेतृत्व में बैंक ने डिजिटल बैंकिंग और तकनीक आधारित सेवाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

वासवानी को ग्लोबल फाइनेंशियल सेक्टर में 35 साल से ज्यादा का अनुभव है। कोटक बैंक में आने से पहले वह पागाया टेक्नोलॉजीज के प्रेसिडेंट रह चुके हैं। उन्होंने सिटीग्रुप और बार्कलेज जैसे बड़े वैश्विक संस्थानों में कई अहम जिम्मेदारियां निभाईं। बार्कलेज में उन्होंने डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन और बैंकिंग सिस्टम को आधुनिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

सिटीग्रुप में वह एशिया-पैसिफिक कंज्यूमर बैंकिंग के CEO भी रह चुके हैं। इसके अलावा वह कई प्रमुख संस्थाओं के बोर्ड में भी शामिल रहे हैं। अशोक वासवानी कॉमर्स ग्रेजुएट होने के साथ चार्टर्ड अकाउंटेंट और कंपनी सेक्रेटरी भी हैं। अब कोटक बैंक के सामने नए CEO के चयन की जिम्मेदारी है, जिससे बैंक के भविष्य की रणनीति तय होगी।

Related posts