झारखंड विधानसभा घेरने निकले छात्रों पर लाठीचार्ज: टियर गैस छोड़ी गई, प्रदर्शनकारियों ने फेंकी चप्पल-बोतलें; JPSC के पूर्व अध्यक्ष गिरफ्तार

देश : झारखंड की राजधानी रांची में JPSC और JSSC में कथित धांधली के खिलाफ छात्रों का आंदोलन सोमवार को उग्र हो गया। हजारों की संख्या में छात्र विधानसभा घेराव के लिए निकले और विधानसभा के नजदीक पहुंचकर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग की, लेकिन स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और टियर गैस के गोले भी छोड़े।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों की ओर से पुलिस की तरफ पानी की बोतलें और चप्पलें फेंके जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए कंटीले तारों वाली बैरिकेडिंग और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बावजूद कई छात्र बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और वहां डांस करते नजर आए। मौके पर तनाव की स्थिति बनी हुई है।

विधानसभा की सुरक्षा को देखते हुए आसपास के इलाके में छह लेयर की सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ-साथ CCTV कैमरों से पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही है। पुलिस प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों को विधानसभा परिसर की ओर बढ़ने से रोकने की कोशिश की जा रही है।

इसी बीच JPSC के पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांगते को CID ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि 21 जुलाई को JPSC कार्यालय में हुई छापेमारी के बाद उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से CID उनसे लगातार पूछताछ कर रही थी। अब उनकी गिरफ्तारी को जांच में महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।

वहीं, छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो पिछले नौ दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे हैं। खराब स्वास्थ्य के बावजूद वह एंबुलेंस से विधानसभा मार्च में शामिल होने पहुंचे। छात्रों की मांग है कि JPSC-JSSC से जुड़े कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों पर कार्रवाई की जाए। आंदोलन को देखते हुए रांची में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

Related posts