लखनऊ: महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के तत्वावधान में महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय गोरखपुर (एमजीयूजी) के ऑडिटोरियम में रविवार (21 सितंबर) को ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश-2047’ पर एक कार्यशाला का आयोजन होने जा रहा है। इस कार्यशाला का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। कार्यशाला के अकादमिक और व्यावहारिक सत्र में विषय विशेषज्ञ के रूप में मुख्यमंत्री के आर्थिक सलाहकार डॉ. केवी राजू उपस्थित रहेंगे।
यह जानकारी देते हुए एमजीयूजी के कुलसचिव डॉ. प्रदीप कुमार राव ने बताया कि उत्तर प्रदेश को 2047 तक विकसित प्रदेश बनाने के विजन को साकार करने की दिशा में योगी सरकार के विजन को साकार करने की दिशा में महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद ने भी विशेष पहल की है। रविवार को ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश-2047’ पर कार्यशाला का आयोजन इसी की कड़ी है। इस कार्यशाला में मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में उद्घाटन सत्र के बाद डेढ़ घंटे के विशेष सत्र में महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद की संस्थाओं के संस्थाध्यक्ष, शिक्षक, सूचीबद्ध प्रतिनिधि विद्यार्थियों के साथ ही महानगर के प्रबुद्धजन, शिक्षक, चिकित्सक, अधिवक्ता, आर्किटेक्ट, इंजीनियर, उद्योगपति आदि सम्मिलित होंगे। उन्होंने बताया कि इस कार्यशाला की बाद महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के अन्य संस्थाओं में भी विकसित उत्तर प्रदेश 2047 के लक्ष्यों पर मंथन करने के लिए विशेष कार्यक्रम होंगे।
प्रबुद्ध सम्मेलन में शामिल होंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार (21 सितंबर) को दोपहर बाद गोरखपुर के योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में भाजपा महानगर इकाई की ओर से आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन में भी बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। यह सम्मेलन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे सेवा पखवाड़ा के कार्यक्रमों के तहत आयोजित किया जा रहा है।