लखनऊ में पुलिसकर्मी और कार ड्राइवर के बीच हुई मारपीट

लखनऊ के इंदिरानगर इलाके में गाड़ी की टक्कर के बाद एक पुलिसकर्मी पर कार चालक से मारपीट करने का आरोप लगा है। पीड़ित युवक का कहना है कि पुलिसकर्मी ने उसे कार से खींचकर पीटा, जिससे उसके दोनों हाथ टूट गए। जबकि, इस वाकये का एक वीडियो आया है जिसमें युवक पुलिसकर्मी को उन्हीं हाथों से कार के अंदर खींचने की कोशिश कर रहा है।इंदिरानगर सेक्टर-21 निवासी पीड़ित शमीम अख्तर के अनुसार, रविवार 15 मार्च को शाम करीब 4:45 बजे वह नानी होटल के सामने से चंदन रोड की ओर अपनी कार मोड़ रहा था। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही मारुति स्विफ्ट कार (UP32PE 6792) से मामूली टक्कर हो गई।

पीड़ित का आरोप है कि स्विफ्ट कार चला रहा व्यक्ति पुलिस की वर्दी में था। टक्कर के बाद वह गाली-गलौज करते हुए उसके पास पहुंचा और उस पर गाड़ी टक्कर मारने का आरोप लगाने लगाने लगा। इसके बाद उसने पीड़ित को कार से बाहर खींच लिया और हाथ मरोड़ते हुए लात-घूंसों पीटा।शमीम का कहना है कि मारपीट में उसके दोनों हाथ टूट गए हैं। उसने पीटे जाने के तुरंत बाद डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि मारपीट करने वाला व्यक्ति फरहान नाम का पुलिसकर्मी है, जो इंदिरानगर थाने में तैनात बताया जा रहा है।

पीड़ित का कहना है कि 112 पर कॉल की जानकारी मिलते ही आरोपी मौके से भाग गया। कुछ देर बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जिसे उसने पूरा घटनाक्रम बताया। पीड़ित के मुताबिक, घटना की डैशकैम रिकॉर्डिंग और आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज उसके पास मौजूद है, जिसे जरूरत पड़ने पर पुलिस को सौंपा जाएगा।इंदिरानगर पुलिस का कहना है कि मामले में पहले जांच की जाएगी, उसके बाद मेडिकल कराया जाएगा। पीड़ित ने आरोप लगाया कि कार्रवाई में देरी हो रही है, इसलिए वह खुद बलरामपुर अस्पताल जाकर मेडिकल परीक्षण करा रहा है। पीड़ित ने मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया TRUTH WATCH INDIA के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts