लखनऊ (Lucknow) के आशियाना थानाक्षेत्र में सब्जी लेने निकले राज्यपाल ऑफिस से रिटायर्ड कर्मचारी को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना से गुस्साए परिजनों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
सेक्टर- एच आशियाना के रहने वाले रमेश चौधरी (65) राज्यपाल कार्यालय से रिटायर्ड कर्मचारी थे। बेटे अभिषेक चौधरी ने बताया कि बुधवार को रात 8 बजे साइकिल से सब्जी लेकर घर वापस आ रहे थे। वंश क्लिनिक के सामने पहुंचे तभी किसी अज्ञात वाहन से टक्कर मार दी।
लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया-
वहां मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए लोकबंधु पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस CCTV खंगाल रही-
इस दौरान दोनों तरफ का ट्रैफिक रूक गया। सूचना पर पुलिस फोर्स पहुंची और कार्रवाई का आश्वासन देते हुए प्रदर्शन खत्म कराया। मामले में इंस्पेक्टर आशियाना छत्रपाल सिंह का कहना है कि सीसीटीवी की मदद से अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
