ग्रेटर नोएडा में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, पति-पत्नी और 3 बच्चों के शव मिले; फूड पॉइजनिंग की आशंका

ब्यूरो: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के पांच लोगों की घर में मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। शुरुआती जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

यह घटना ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के नंगला श्रीपदम गांव की है। मृतकों की पहचान 37 वर्षीय महेश, उनकी 35 वर्षीय पत्नी ललिता, 11 वर्षीय बेटे लड्डू, 7 वर्षीय बेटी मिष्टी और 3 वर्षीय बेटे साक्षत के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, परिवार ने शुक्रवार रात करीब 10 बजे खाना खाया था। इसके बाद सभी सोने चले गए। शनिवार सुबह जब काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला, तो पड़ोसियों को शक हुआ। घर के अंदर देखने पर परिवार के पांचों सदस्य बिस्तर पर अचेत अवस्था में मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस के मुताबिक, महेश मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाते थे। घटना के समय उनकी मां भी घर में मौजूद थीं। उन्होंने बताया कि रात में तबीयत ठीक नहीं होने और भूख न लगने के कारण उन्होंने खाना नहीं खाया था।

परिवार ने रात में नूडल्स खाए थे। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम को रसोई में बर्तन में नूडल्स के अवशेष मिले, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है। हालांकि, अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि मौत का संबंध नूडल्स खाने से है।

पुलिस फूड पॉइजनिंग के साथ अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है। सभी पांचों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

फिलहाल, इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Related posts