प्रयागराज: गंगा-यमुना का जलस्तर बढ़ा, कई बस्तियों में भरा पानी

Uttar Pradesh: बारिश के चलते जहां गर्मी से राहत मिल रही है तो वहीं बारिश के बाद जलभराव ने लोगों की समस्याएं बढ़ा दी हैं। प्रयागराज शहर के कई इलाकों में जलभराव की खबर है। सड़कों पर काफी पानी जमा नजर आ रहा है जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों की दिक्कतें खासी बढ़ गई हैं। घरों के आगे पानी जमा होने से वहां रहने वाले लोगों का निकलना भी मुश्किल है तो वहीं दुपहिया वाहनों को इस रास्ते से गुजरना भारी पड़ रहा है।

प्रयागराज के कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति भी देखने को मिल रही है। सबसे ज्यादा असर नदी किनारे बसे इलाकों पर पड़ा है। पिछले चार दिनों में गंगा और यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से कई बस्तियों में पानी भर गया है जिससे लोगों के सामने परेशानियों का अंबार खड़ा हो गया है। एनडीआरआफ की टीमें लोगों को वहां से बाहर निकाल रही हैं। इन्हें बाढ़ राहत केंद्रों में शिफ्ट किया जा रहा है।

वहीं स्थानीय निवासियों की मानें तो पानी का स्तर घट जाने के बाद भी इन इलाकों में समस्याएं खत्म नहीं होती है। बल्कि जलस्तर कम हो जाने के बाद बीमारियों का खतरा यहां हमेशा बना रहता है।

Related posts