दिव्यांग बच्चों के बीच मुख्यमंत्री धामी ने मनाया जन्मदिन

देहरादून: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपने जन्म दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान पहुंचकर अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों के साथ जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ केक काटा और उनसे आत्मीयता से संवाद किया।
बच्चों के बीच पहुंचकर मुख्यमंत्री ने उनका उत्साहवर्धन किया और उनके साथ समय बिताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के बीच बिताया गया समय जीवन को नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है। प्रत्येक बच्चे में प्रतिभा और अपार संभावनाएं होती हैं, जिन्हें अवसर, प्रोत्साहन और विश्वास की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों का सशक्तिकरण केवल सरकारी प्रयास नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने बच्चों को आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों का स्नेह और उनके चेहरों की खुशी उनके जन्म दिवस का सबसे विशेष और यादगार उपहार है।
इस अवसर पर श्रीमती गीता पुष्कर धामी, कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी एवं संस्थान के शिक्षक मौजूद रहे।

Related posts