गोला गोकर्णनाथ-खीरी। स्थानीय विद्यालय वि.कुं.स्मा. सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज में शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य महेंद्र कुमार त्रिपाठी एवं बालिका विभाग की प्राचार्या मधु त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय एकीकरण में ऐतिहासिक योगदान रहा है। स्वतंत्रता के बाद देश की विभिन्न रियासतों को एकजुट कर अखंड भारत के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनका जीवन हमें संदेश देता है कि भारत की सबसे बड़ी शक्ति उसकी एकता और विविधता में निहित है।
कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य महेंद्र कुमार त्रिपाठी ने सभी छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने देश की एकता, अखंडता और आपसी सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया।
