लखनऊ ट्रिपल मर्डर: 5वें दिन पीड़ित परिवार से मिले DGP, चाचा-बहन पर 25-25 हजार का इनाम; घर की पैमाइश करने पहुंची LDA टीम

Lucknow: लखनऊ के सआदतगंज ट्रिपल मर्डर केस में पांचवें दिन पुलिस प्रशासन की कार्रवाई तेज होती नजर आ रही है। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के डीजीपी राजीव कृष्ण घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। बारिश के बीच डीजीपी ने परिवार की बातें सुनीं और न्याय दिलाने का भरोसा दिया।

इस दौरान मृतक शिवाजी तिवारी की पत्नी उषा तिवारी ने आरोपी ऋषभ शुक्ला को फांसी की सजा देने की मांग की। साथ ही फरार चाचा और बहन के एनकाउंटर की भी मांग उठाई। परिवार ने कहा कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और बच्चों व महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

इस मामले में पुलिस ने फरार आरोपी राजेश शुक्ला और दिव्या पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। दोनों घटना के बाद से फरार हैं। पुलिस के मुताबिक, राजेश शुक्ला को पहले भी गुंडा घोषित कर लखनऊ की सीमाओं से तीन महीने के लिए जिला बदर किया गया था।

उधर, आरोपी ऋषभ शुक्ला के मकान और जमीन की पैमाइश के लिए LDA की टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ETS मशीन के जरिए जमीन की सटीक नापजोख कर रही है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी का मकान नजूल की जमीन पर बना है। इससे पहले सड़क पर निकली बाउंड्री का हिस्सा बुलडोजर से गिराया जा चुका है।

आपको बता दें कि सआदतगंज के ब्राह्मण टोला में चबूतरे और कार पार्किंग को लेकर हुए विवाद में ऋषभ शुक्ला पर शिवाजी तिवारी, उनके भाई शिवेंद्र तिवारी और बेटे सुयश की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है।

सुयश की शादी 5 दिसंबर को होनी थी। इस घटना से परिवार में मातम पसरा है। अब पुलिस के सामने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले की जांच पूरी करने की चुनौती है।

Related posts