दिल्ली: देश के पहले गृह मंत्री और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के एकता नगर स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री ने सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और जलाभिषेक कर उन्हें नमन किया। 182 मीटर ऊंची स्टैच्यू ऑफ यूनिटी दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा है, जो सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए ऐतिहासिक योगदान का प्रतीक है।
इस मौके पर प्रधानमंत्री ने एकता नगर में 400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शुभारंभ किया। इनमें सीवेज और जल शोधन संयंत्र, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, नर्मदा घाट का विकास, IRCTC होटल और पर्यटन सुविधाओं का विस्तार शामिल है।
इसके अलावा रेन फॉरेस्ट, यूनिटी ट्रेल और इको ट्रेल जैसी परियोजनाओं के जरिए क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने की योजना है। प्रधानमंत्री ने रेन फॉरेस्ट और वामन वृक्ष वाटिका का भी दौरा किया और वहां विकसित की जा रही पर्यावरण एवं पर्यटन सुविधाओं का जायजा लिया।
वहीं, गुजरात के विकास को गति देने के लिए प्रधानमंत्री अहमदाबाद मेट्रो के फेज 2A और 2B की आधारशिला रखने के साथ अहमदाबाद-मेहसाणा हाईवे को आठ लेन में अपग्रेड करने जैसी परियोजनाओं से भी जुड़े कार्यक्रमों में शामिल हुए।
प्रधानमंत्री का यह दौरा सरदार पटेल की विरासत को नमन करने के साथ गुजरात में बुनियादी ढांचे, पर्यटन और कनेक्टिविटी के विस्तार पर केंद्रित रहा।
