Mumbai: बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। 200 करोड़ रुपये की ठगी और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े सुकेश चंद्रशेखर मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने नोरा फतेही को समन जारी किया है। अदालत ने उन्हें 2 नवंबर को पेश होकर अपना बयान दर्ज कराने का निर्देश दिया है। हालांकि, नोरा को इस मामले में आरोपी के तौर पर नहीं, बल्कि सरकारी गवाह के रूप में बुलाया गया है।
न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, प्रवर्तन निदेशालय यानी ED की ओर से दाखिल तीसरी सप्लीमेंट्री चार्जशीट के आधार पर अदालत ने यह आदेश दिया है। जांच एजेंसी का आरोप है कि सुकेश चंद्रशेखर ने ठगी की रकम से नोरा फतेही को महंगे उपहार दिए थे।
दरअसल, यह पूरा मामला रैनबैक्सी के पूर्व प्रमोटर शिविंदर मोहन सिंह की पत्नी अदिति सिंह से करीब 200 करोड़ रुपये की कथित ठगी से जुड़ा है। आरोप है कि सुकेश ने खुद को केंद्र सरकार का वरिष्ठ अधिकारी बताकर उनके पति को जेल से बाहर निकलवाने का झांसा दिया और रोहिणी जेल में रहते हुए ठगी का नेटवर्क चलाया।
जांच के दौरान ED ने नोरा फतेही से कई बार पूछताछ की थी। आरोप है कि उन्हें एक करोड़ रुपये से अधिक कीमत की लग्जरी कार भी गिफ्ट की गई थी। यह कार वर्ष 2020 में चेन्नई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दिए जाने की बात सामने आई थी। हालांकि, नोरा ने किसी भी गलत गतिविधि में शामिल होने से इनकार किया है। उनका कहना रहा है कि वह खुद इस मामले में पीड़ित हैं।
वहीं, अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस भी इसी मामले में आरोपी हैं। ED का आरोप है कि सुकेश ने उन्हें करोड़ों रुपये के महंगे उपहार दिए थे।
अब 2 नवंबर को अदालत में नोरा फतेही का बयान इस हाई-प्रोफाइल मनी लॉन्ड्रिंग मामले की सुनवाई के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
