दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर अपने एक बयान को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। फिल्म ‘रामायण’ में भगवान श्रीराम की भूमिका निभाने जा रहे रणबीर कपूर ने दशहरे के मौके पर दिए गए अपने बयान को लेकर माफी मांगी है। उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि उस समय अनजाने में उनकी जुबान फिसल गई थी।
दरअसल, 20 अक्टूबर को पश्चिम बंगाल में आयोजित दशहरा कार्यक्रम के दौरान रणबीर कपूर ने बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया था। इस दौरान उन्होंने कहा था कि बुराई चाहे कितनी भी ताकतवर क्यों न हो, आखिर में अंत सच्चाई और अच्छाई का ही होगा। उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद कई यूजर्स ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया।
इसके बाद 21 अक्टूबर को चेन्नई में फिल्म ‘रामायण’ के ग्रैंड म्यूजिकल इवेंट और फुल-एल्बम लॉन्च के दौरान रणबीर कपूर ने इस मामले पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि वह दशहरा कार्यक्रम में हुई घटना के लिए माफी मांगना चाहते हैं। उनका इरादा यह कहने का था कि बुराई कितनी भी ताकतवर क्यों न हो, आखिरकार जीत सच्चाई और अच्छाई की ही होती है।
अपनी बात समझाने के लिए रणबीर ने फिल्म ‘रॉकस्टार’ के गाने की पंक्ति का भी जिक्र किया और कहा कि कई बार इंसान जो कहना चाहता है, शब्द उसका सही अर्थ नहीं समझा पाते।
वहीं, फिल्म ‘रामायण’ का गाना ‘रावण तांडव’ भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। कुछ दर्शकों ने इसके संगीत और बोल की आलोचना की है, जबकि फिल्म के टीजर में दिखाए गए युद्ध के दृश्यों और वीएफएक्स को लेकर भी मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं।
अब रणबीर कपूर की माफी के बाद देखना होगा कि दर्शकों के बीच फिल्म ‘रामायण’ को लेकर चर्चा किस दिशा में आगे बढ़ती है।
