इंसानों से भी तेज निकले कौवे! सिर्फ 235 मिलीसेकंड में लेते हैं फैसला, स्टडी में खुलासा

ट्यूबिंगन। आमतौर पर कौवों को उनकी समझदारी और चीजों को याद रखने की क्षमता के लिए जाना जाता है, लेकिन वैज्ञानिकों की नई रिसर्च ने उनकी एक और हैरान करने वाली खूबी सामने रखी है। जर्मनी की ट्यूबिंगन यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं के मुताबिक, कौवे दृश्य जानकारी को समझकर इंसानों और बंदरों की तुलना में करीब दोगुनी तेजी से फैसला ले सकते हैं।

साइंस जर्नल में प्रकाशित इस अध्ययन के अनुसार, कौवों को चलते हुए डॉट्स की दिशा पहचानने और अपना जवाब देने में औसतन सिर्फ 235 मिलीसेकंड लगे। खास बात यह रही कि इतनी तेजी के बावजूद उनकी सटीकता भी काफी बेहतर रही।

टचस्क्रीन पर किया गया प्रयोग

शोधकर्ताओं ने कौवों की निर्णय लेने की क्षमता जांचने के लिए उनके सामने टचस्क्रीन पर चलते हुए डॉट्स दिखाए। उन्हें यह पहचानना था कि ज्यादातर डॉट्स बाईं ओर जा रहे हैं या दाईं ओर। इसके बाद कौवों को स्क्रीन पर उसी दिशा में बने टारगेट पर चोंच मारकर जवाब देना था।

अध्ययन में पाया गया कि जब डॉट्स की दिशा स्पष्ट थी, तब कौवों ने लगभग 100 प्रतिशत तक सटीक जवाब दिए। वहीं, मुश्किल परिस्थितियों में भी उनका प्रदर्शन अनुमान से बेहतर रहा।

70 मिलीसेकंड में सक्रिय हो जाते हैं दिमाग के न्यूरॉन्स

रिसर्च का सबसे दिलचस्प पहलू कौवों के दिमाग की गतिविधियों से जुड़ा है। वैज्ञानिकों ने उनके मस्तिष्क के एक हिस्से ‘निडोपैलियम कॉडोलैटरल’ में न्यूरॉन्स की गतिविधियों को रिकॉर्ड किया।

यह हिस्सा जानकारी को समझने और फैसले लेने में अहम भूमिका निभाता है। शोधकर्ताओं ने पाया कि दृश्य संकेत मिलने के महज 70 मिलीसेकंड बाद ही दिमाग के न्यूरॉन्स अलग-अलग दिशाओं से जुड़े संकेत देने लगते हैं।

इसके बाद न्यूरल गतिविधि बढ़ती जाती है और एक निश्चित स्तर पर पहुंचने के बाद कौवे अपना फैसला लेते हैं।

दिमाग की बनावट अलग, लेकिन फैसला लेने का तरीका मिलता-जुलता

वैज्ञानिकों के मुताबिक, कौवों और इंसानों के दिमाग की संरचना काफी अलग है। स्तनधारियों की तरह पक्षियों का सेरेब्रल कॉर्टेक्स परतों में व्यवस्थित नहीं होता। इसके बावजूद दोनों में निर्णय लेने की प्रक्रिया के कुछ बुनियादी सिद्धांत समान दिखाई देते हैं।

शोधकर्ताओं का मानना है कि उड़ान के दौरान तेजी से प्रतिक्रिया देना, आसपास की गतिविधियों को समझना और भोजन की पहचान करना पक्षियों के लिए बेहद जरूरी है। यही जरूरत उनके तेज निर्णय लेने की क्षमता के विकास में भूमिका निभा सकती है।

हालांकि, कौवों के इंसानों और बंदरों से तेज फैसला लेने के पीछे मौजूद सटीक जैविक कारणों को समझने के लिए अभी और शोध की जरूरत है।

Related posts