पुरी। बॉलीवुड अभिनेता आफताब शिवदासानी शुक्रवार को ओडिशा के पुरी स्थित प्रसिद्ध श्री जगन्नाथ मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। मंदिर में पहली बार दर्शन करने के बाद अभिनेता ने इसे अपने जीवन का शानदार और यादगार अनुभव बताया।
दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में आफताब ने कहा कि वह कई वर्षों से श्री जगन्नाथ मंदिर आना चाहते थे, लेकिन किसी न किसी वजह से उनका यहां आना नहीं हो पा रहा था। उन्होंने कहा, “जब भगवान जगन्नाथ आपको बुलाते हैं, तो कोई मना नहीं कर सकता। आज मुझे उनका बुलावा आया और मैं बेहद खुश हूं।”
दर्शन को बताया खूबसूरत अनुभव
अभिनेता ने मंदिर में दर्शन की व्यवस्था और स्थानीय प्रशासन की ओर से किए गए इंतजामों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि सब कुछ अच्छी तरह व्यवस्थित था और दर्शन का अनुभव बेहद खूबसूरत रहा।
आफताब ने उम्मीद जताई कि भगवान जगन्नाथ उन्हें दोबारा मंदिर आने का अवसर देंगे। उन्होंने कहा कि जब भी बुलावा आएगा, वह जरूर दर्शन करने पहुंचेंगे।
ओडिशा की संस्कृति और लोगों के मुरीद
ओडिशा के साथ अपने जुड़ाव पर बात करते हुए अभिनेता ने कहा कि वह अलग-अलग कारणों से राज्य आते रहते हैं। उन्हें यहां के लोग, संस्कृति और माहौल काफी पसंद है। उन्होंने कहा कि ओडिशा में उन्हें हमेशा प्यार मिलता है।
फिल्म इंडस्ट्री के अपने साथियों के लिए संदेश देते हुए आफताब ने कहा कि सभी खुश रहें और लोगों की सेवा करें।
चार धाम में शामिल है जगन्नाथ मंदिर
पुरी का श्री जगन्नाथ मंदिर देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है। इसे बद्रीनाथ, द्वारका और रामेश्वरम के साथ चार धाम में शामिल किया जाता है। मंदिर में भगवान जगन्नाथ के साथ भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की पूजा होती है। यहां आयोजित होने वाली वार्षिक रथ यात्रा में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं।
गौरतलब है कि आफताब शिवदासानी ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत बाल कलाकार के रूप में की थी। बाद में उन्होंने ‘मस्त’, ‘कसूर’, ‘आवारा पागल दीवाना’, ‘हंगामा’ और ‘मस्ती’ जैसी फिल्मों से बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाई।
