Lucknow: लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी यानी KGMU में रैगिंग के मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जूनियर छात्रों को परेशान करने, जबरन डांस करवाने और सीनियर्स के सामने सिर झुकाकर प्रणाम करवाने के आरोप में 38 एमबीबीएस छात्रों को तीन महीने के लिए सस्पेंड कर दिया गया है।
कार्रवाई के तहत प्रत्येक छात्र पर 25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। इसके अलावा एक साल तक उनकी छात्रवृत्ति रोकने और हॉस्टल से बाहर करने का फैसला लिया गया है।
दरअसल, 16 नवंबर को KGMU कैंपस का एक वीडियो सामने आया था। इस वीडियो में एमबीबीएस के जूनियर छात्र कतार में खड़े होकर सीनियर्स के सामने सिर झुकाते और ‘प्रणाम महोदय’ तथा ‘प्रणाम मैडम’ कहते दिखाई दे रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद विश्वविद्यालय में हड़कंप मच गया और एंटी रैगिंग सेल ने मामले की जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि सीनियर छात्र रात 12 बजे से 2 बजे के बीच जूनियर छात्रों को वीडियो कॉल करके जगाते थे। इसके बाद उनसे जबरन डांस करवाया जाता था। विरोध करने पर गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया जाता था।
एंटी रैगिंग सेल की रिपोर्ट के मुताबिक, एमबीबीएस 2025 बैच के 36 छात्र इस मामले में दोषी पाए गए, जबकि 2026 बैच के दो जूनियर छात्र भी रैगिंग में सहयोग करते मिले। कुलपति की मंजूरी के बाद 26 नवंबर को कार्रवाई का आदेश जारी किया गया।
KGMU के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने कहा कि जूनियर छात्रों को डराने या अपमानित करने वाली किसी भी घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने छात्रों से अपील की कि रैगिंग की जानकारी तुरंत एंटी रैगिंग कमेटी या विश्वविद्यालय प्रशासन को दें।
गौरतलब है कि इससे पहले गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भी रैगिंग के आरोप में 18 एमबीबीएस छात्रों और इंटर्न पर कार्रवाई की गई थी।
सवाल यह है कि डॉक्टर बनने की तैयारी कर रहे संस्थानों में इस तरह की घटनाओं पर पूरी तरह रोक कब लगेगी?
