International: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के बीच राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सेना पर खर्च को लेकर बड़ा फैसला लिया है। रूस ने सोवियत संघ के टूटने के बाद अपना सबसे बड़ा रक्षा बजट पेश किया है। सरकार अगले तीन साल में सेना और रक्षा क्षेत्र पर करीब 54 लाख करोड़ रुपये खर्च करने की योजना बना रही है। यह रकम भारत के सालाना रक्षा बजट से करीब 2.3 गुना ज्यादा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, रूस 2027 से 2029 के बीच करीब 50 लाख करोड़ रूबल सेना पर खर्च करेगा। यानी हर साल औसतन 18 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च होंगे। वहीं, भारत का 2026-27 का रक्षा बजट करीब 7 लाख 85 हजार करोड़ रुपये है।
रूस के बजट में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी 2027 के लिए की गई है। इस साल सेना पर करीब 19 लाख 84 हजार करोड़ रुपये खर्च करने का अनुमान है। यह 2026 के मुकाबले लगभग 33 प्रतिशत ज्यादा है। 2028 में रक्षा खर्च करीब 19 लाख 21 हजार करोड़ और 2029 में 18 लाख 85 हजार करोड़ रुपये रहने का अनुमान है।
खास बात यह है कि 2027 में रूस सरकार के कुल खर्च का करीब 35 प्रतिशत हिस्सा सेना और रक्षा पर जाएगा। यानी सरकार के हर 100 रूबल में से 35 रूबल सेना पर खर्च होंगे।
हालांकि, रक्षा बजट बढ़ाने का असर आम नागरिकों की सुविधाओं पर भी पड़ सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, रूस में स्वास्थ्य सेवाओं, पेंशन, सरकारी सहायता और बुनियादी सुविधाओं के बजट में कटौती की योजना है।
रूस पहले ही यूक्रेन युद्ध पर करीब 67 लाख करोड़ रुपये खर्च कर चुका है। वहीं, लगातार बढ़ते सैन्य खर्च के कारण देश का बजट घाटा भी बढ़ने का अनुमान है।
कुल मिलाकर रूस की रणनीति साफ नजर आ रही है। पुतिन सरकार युद्ध और सैन्य ताकत को प्राथमिकता दे रही है, लेकिन इसकी आर्थिक कीमत देश की आम जनता को भी चुकानी पड़ सकती है।
