नई दिल्ली। भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से चल रही व्यापार समझौते की बातचीत अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचती दिख रही है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को कहा कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील लगभग पूरी होने वाली है और इसे अंतिम रूप देने की प्रक्रिया और रोडमैप आकार ले रहा है।
इंडिया डेट कैपिटल मार्केट समिट 2026 को वर्चुअली संबोधित करते हुए गोयल ने कहा कि समझौते को अंतिम रूप देने में जिन प्रक्रियागत अड़चनों का सामना करना पड़ रहा था, अब उनका समाधान निकलता दिखाई दे रहा है।
अमेरिकी टैरिफ प्रस्ताव के बीच बयान
गोयल का यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिका ने भारतीय उत्पादों पर 25 प्रतिशत तक अतिरिक्त टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा है। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय ने भारतीय मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में कथित अतिरिक्त उत्पादन क्षमता को लेकर सेक्शन 301 के तहत जांच की है।
प्रस्ताव के मुताबिक, यदि भारत आपसी व्यापार समझौते पर पहुंचता है और संबंधित मुद्दों का समाधान करता है, तो टैरिफ की दर घटाकर 17 प्रतिशत की जा सकती है। हालांकि, ये प्रस्ताव अभी सार्वजनिक टिप्पणियों और सुनवाई की प्रक्रिया के अधीन हैं। सुनवाई 25 जनवरी 2027 से शुरू होनी है। भारत ने अमेरिकी जांच के निष्कर्षों पर सवाल उठाए हैं।
भारत-EU ट्रेड डील पर भी बड़ी उम्मीद
वाणिज्य मंत्री ने भारत और यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौते को लेकर भी सकारात्मक संकेत दिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस साल के अंत तक समझौते पर हस्ताक्षर हो सकते हैं और अगले साल मार्च या अप्रैल तक इसे लागू किया जा सकता है।
गोयल के मुताबिक, पिछले पांच वर्षों में भारत ने 38 विकसित देशों को कवर करने वाले नौ मुक्त व्यापार समझौते पूरे किए हैं। इनसे करीब 70 ट्रिलियन डॉलर की संयुक्त अर्थव्यवस्था वाले बाजारों तक भारतीय कारोबारियों की पहुंच बढ़ी है। बातचीत के तहत प्रस्तावित आठ से नौ अन्य समझौतों से यह दायरा 85 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच सकता है।
भारत की अर्थव्यवस्था पर जताया भरोसा
गोयल ने वैश्विक अनिश्चितताओं, युद्ध, तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और टैरिफ संबंधी चुनौतियों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती पर भरोसा जताया। उन्होंने बताया कि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में भारत की आर्थिक वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत रही।
उन्होंने कहा कि सकल स्थायी पूंजी निर्माण में करीब 12 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई, जबकि बैंक ऋण की वृद्धि दर लगभग 19 प्रतिशत रही।
एक ट्रिलियन डॉलर निर्यात लक्ष्य पर नजर
गोयल के अनुसार, वित्त वर्ष के शुरुआती सात महीनों में भारत का कुल निर्यात करीब 570 अरब डॉलर तक पहुंच गया है। अक्टूबर में निर्यात लगभग 90 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर रहा।
उन्होंने भरोसा जताया कि भारत अपने एक ट्रिलियन डॉलर के सालाना निर्यात लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके लिए उन्होंने निर्यातकों, विनिर्माताओं, सेवा प्रदाताओं और कृषि एवं मत्स्य क्षेत्र से जुड़े कारोबारियों के योगदान की सराहना की।
बॉन्ड मार्केट में निवेश बढ़ाने पर जोर
मंत्री ने कहा कि सेमीकंडक्टर निर्माण इकाइयों, बिजली ग्रिड, डेटा सेंटर और बंदरगाहों जैसे क्षेत्रों में बड़े निवेश की जरूरत होगी। इसके लिए निजी पूंजी और बॉन्ड बाजार की भूमिका अहम होगी।
उन्होंने बड़ी कंपनियों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपर्स से पूंजीगत खर्च के लिए बॉन्ड बाजार को प्राथमिकता देने की अपील की। साथ ही संस्थागत निवेशकों से लंबी अवधि के कर्ज में निवेश बढ़ाने और केवल AAA रेटिंग वाले विकल्पों तक सीमित न रहने का आग्रह किया।
