Lucknow: उत्तर प्रदेश के संभल में ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने इस गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ़्तार कर लिया है, बाकी अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। ये गिरोह ‘जंबो 365’ वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन गैंबलिंग का धंधा चला रहा था।
संभल के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने इस पूरी घटना का खुलासा करते हुए बताया कि 12 अगस्त को दीनदयाल नाम के एक मजदूर ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि PNB चंदौसी की रिकवरी एजेंट ऋषिपाल ने दीनदयाल और उनकी पत्नी मीना का खाता खुलवाया था।
उन्होंने बताया कि इन खातों में 1.70 करोड रुपये और 1.69 करोड रुपये की रकम ट्रांसफर की गई। इस मामले का खुलासा तब हुआ जब कर्नाटक से उन्हें 91 हजार 206 रुपये का नोटिस मिला। शिकायत के बाद पुलिस ने जब इस मामले की जांच की तो एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश हो गया।
इन्होंने देश भर में 500 फ्रेंचाइजी खोली हुई है। एक फ्रेंचाइजी साल भर लगभग 8 करोड़ रुपए कमाती है। यह लोग हवाला के माध्यम से पैसा दुबई ट्रांसफर कर देते है। अब तक कई सौ करोड़ रुपए का घोटाला कर चुके हैं। इस मामले में बाकी अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर इस गैंग का पर्दाफाश किया जल्द ही किया जाएगा।
गिरफ्तार हुए पांच अभियुक्तो ऋषिपाल यादव , अमित वार्ष्णेय , इंगित कोहली , पुष्कर सरकी और पवन कुमार को जेल भेजा जा रहा है। इनके पास से 3 लैपटॉप जिसमें इनके ऑनलाइन गेमिंग की डिटेल , 21 मोबाइल , 183 विभिन्न चेकबुक बरामद किए गए है ।
