उत्तर प्रदेश: आईपीएल 2026 का खिताब जीतने के बाद भारतीय क्रिकेट स्टार विराट कोहली अपनी पत्नी और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के साथ मंगलवार को वृंदावन पहुंचे। दोनों ने प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान विराट और अनुष्का की सादगी ने वहां मौजूद श्रद्धालुओं और प्रशंसकों का ध्यान आकर्षित किया।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे दोनों केली कुंज आश्रम पहुंचे। चेहरे पर मास्क लगाए विराट और अनुष्का कार से उतरे और नंगे पांव आश्रम के अंदर प्रवेश किया। आश्रम में संत प्रेमानंद महाराज के शिष्यों ने उनका स्वागत किया। करीब दो घंटे तक दोनों आश्रम में रहे और आध्यात्मिक चर्चा एवं सत्संग का लाभ लिया।
आश्रम से बाहर निकलते समय विराट कोहली के माथे पर चंदन और त्रिपुंड का तिलक दिखाई दिया। उनके हाथ में एक धार्मिक पुस्तक भी नजर आई। प्रेमानंद महाराज के दर्शन के बाद विराट और अनुष्का पैदल ही लगभग 150 मीटर दूर स्थित बड़े गुरु हित गोविंद शरण महाराज के आश्रम पहुंचे और वहां भी दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब विराट और अनुष्का वृंदावन पहुंचे हों। इससे पहले इसी वर्ष अक्षय तृतीया के अवसर पर भी दोनों संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचे थे और सत्संग में शामिल हुए थे।
वहीं क्रिकेट की बात करें तो विराट कोहली के लिए यह समय बेहद खास रहा है। उनकी टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने हाल ही में आईपीएल 2026 का खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में टीम ने गुजरात टाइटंस को हराकर लगातार दूसरा खिताब जीता। विराट कोहली ने फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए तेज अर्धशतक जड़ा और प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार भी अपने नाम किया।
आईपीएल की जीत के बाद आध्यात्मिक शरण में पहुंचे विराट और अनुष्का की यह यात्रा सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी हुई है।
