UPSSSC में 1829 पदों पर भर्ती: ऑडिटर और असिस्टेंट अकाउंटेंट बनने का मौका, 40 वर्ष तक के उम्मीदवार कर सकेंगे आवेदन

उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने विभिन्न विभागों में ऑडिटर (लेखा परीक्षक) और असिस्टेंट अकाउंटेंट (सहायक लेखाकार) के कुल 1829 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत योग्य उम्मीदवारों को राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में नियुक्ति का अवसर मिलेगा।

आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 14 जुलाई 2026 से शुरू होगी और अभ्यर्थी 3 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि भी 3 अगस्त निर्धारित की गई है, जबकि आवेदन पत्र में संशोधन 10 अगस्त 2026 तक किया जा सकेगा।

इस भर्ती में केवल वही अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने PET-2025 परीक्षा में हिस्सा लिया हो। सहायक लेखाकार पद के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से बी.कॉम की डिग्री या लेखांकन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा होना आवश्यक है। इसके साथ ही ‘ओ’ लेवल कंप्यूटर डिप्लोमा भी अनिवार्य है।

वहीं, ऑडिटर पद के लिए बी.कॉम या समकक्ष डिग्री, ‘ओ’ लेवल कंप्यूटर डिप्लोमा और लेखांकन का पर्याप्त ज्ञान आवश्यक माना गया है। उम्मीदवारों की आयु 1 जुलाई 2026 को 21 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।

भर्ती के तहत सबसे अधिक 609 पद उत्तर प्रदेश आंतरिक लेखापरीक्षा एवं लेखा निदेशालय में सहायक लेखाकार के लिए हैं, जबकि नगर निगम निदेशालय में 600 सहायक लेखाकार पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके अलावा यूपी आवास एवं विकास परिषद, यूपी वन निगम, उद्योग विकास विभाग, स्थानीय निधि लेखा परीक्षा विभाग सहित कई संस्थानों में नियुक्तियां की जाएंगी।

इच्छुक उम्मीदवार UPSSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर लॉगिन करें, PET-2025 का विवरण सत्यापित करें, संबंधित पद का चयन करें, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें और आवेदन शुल्क जमा कर फॉर्म सबमिट करें। आवेदन पत्र का प्रिंटआउट भविष्य के लिए सुरक्षित रखना न भूलें।

Related posts