दिल्ली: अगर आप नया स्मार्टफोन खरीदने की योजना बना रहे हैं और चाहते हैं कि आपका अगला फोन किसी भी मामले में समझौता न करे, तो आने वाले कुछ महीने आपके लिए बेहद खास साबित हो सकते हैं। जुलाई से सितंबर के बीच कई बड़े ब्रांड अपने फ्लैगशिप स्मार्टफोन लॉन्च करने जा रहे हैं। इनमें गूगल की Pixel 11 सीरीज, एपल की iPhone 18 सीरीज, सैमसंग का नया फोल्डेबल फोन और iQOO का पावरफुल गेमिंग डिवाइस शामिल हैं।
फोटोग्राफी पसंद करने वाले यूजर्स के लिए Google Pixel 11 Pro और Pixel 11 Pro XL सबसे दिलचस्प विकल्प हो सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार गूगल कैमरा हार्डवेयर में बड़ा बदलाव करने जा रहा है। नए सेंसर और बेहतर लो-लाइट फोटोग्राफी के साथ यह सीरीज मोबाइल फोटोग्राफी को नए स्तर पर ले जा सकती है।
वहीं, अगर आपकी प्राथमिकता वीडियो रिकॉर्डिंग है तो iPhone 18 Pro और Pro Max का इंतजार करना फायदेमंद रहेगा। एपल पहली बार वैरिएबल अपर्चर तकनीक दे सकता है, जिससे वीडियो और पोर्ट्रेट शॉट्स की क्वालिटी पहले से बेहतर होगी।
बैटरी लाइफ के मामले में OnePlus Nord 6 और Nord 6 CE चर्चा में हैं। बड़ी बैटरी और फास्ट चार्जिंग के कारण ये फोन उन यूजर्स के लिए उपयुक्त हैं जो दिनभर बिना चार्जर के काम करना चाहते हैं।
मिड-रेंज सेगमेंट में Vivo V80 Pro एक ऑलराउंडर स्मार्टफोन के रूप में उभर सकता है। दमदार कैमरा, बड़ी बैटरी और प्रीमियम डिजाइन इसे 40 हजार रुपये के आसपास एक आकर्षक विकल्प बनाते हैं।
अगर आपका काम मल्टीटास्किंग और प्रोडक्टिविटी से जुड़ा है, तो Samsung Galaxy Z Fold 8 आपके लिए बेहतर विकल्प हो सकता है। वहीं गेमिंग के शौकीनों के लिए iQOO 15 Ultra सबसे दमदार फोन माना जा रहा है, जिसमें 24GB तक रैम, बड़ी बैटरी और एडवांस कूलिंग सिस्टम मिलेगा।
कुल मिलाकर, 2026 का स्मार्टफोन बाजार कैमरा, AI, बैटरी और फोल्डेबल टेक्नोलॉजी के नए दौर की ओर बढ़ रहा है। इसलिए फोन खरीदने से पहले अपनी जरूरत तय करना सबसे महत्वपूर्ण होगा।
