Sitapur:- उत्तर प्रदेश के सीतापुर जनपद के थाना संदना की ग्राम पंचायत मधवापुर के मजरा रसलवा में बीते कुछ दिनों से एक बाघिन ने कई जानवरों को निशाना बनाकर आतंक मचा रखा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार वन विभाग को सूचना देने के बावजूद भी बाघिन को पकड़ने के लिए पिंजरा नहीं लगाया गया है, न तो गांव वालों के लिए सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए है। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों ने बताया कि हमारे गांव के पास वन विभाग का बहुत बड़ा जंगल है, जिसमें बाघ व बाघिन व उसके बच्चे रहते हैं। जिसकी वजह से गांव में आए दिन डर का माहौल रहता है। जंगल से किसी वक्त भी बाघ व बाघिन आकर गांव में पले पालतू जानवरों को निशाना बनाकर मार के खा जाते हैं। इसकी सूचना वन विभाग को दी गई है लेकिन अभी तक पिंजरा आदि की व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे ग्रामीणों को अपनी जान का खतरा भी सता रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बाघिन ने गांव के बृजलाल पुत्र बाराती, मनोज पुत्र पुतई, बलाकराम पुत्र गोकर्ण की कई बकरियों को मार डाला है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक स्थानीय रेंजर व चौकीदार के संज्ञान में यह घटना होने के बावजूद भी बड़ी लापरवाही सामने आ रही है।
