देश: मुंबई में मुहर्रम के जुलूस के दौरान लोगों को दर्द की दवा बताकर जहरीले कैप्सूल बांटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मुंबई पुलिस ने इस मामले में फैयाज प्रेमजी नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने लोगों को राहत की दवा बताकर ऐसे कैप्सूल दिए जिनमें जिंक फॉस्फाइड नाम का जहरीला केमिकल भरा हुआ था। पुलिस के मुताबिक यह वही रसायन है जिसका इस्तेमाल चूहे मारने वाली दवा बनाने में किया जाता है।
यह पूरा मामला मुंबई के जेजे और भायखला इलाके का बताया जा रहा है। जुलूस के दौरान आरोपी ने कई लोगों को ये कैप्सूल बांटे। इनमें से एक व्यक्ति की तबीयत बिगड़ गई और उसे पेट दर्द के साथ उल्टी की शिकायत होने लगी। इसके बाद लोगों को कैप्सूल पर शक हुआ और पुलिस को इसकी जानकारी दी गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 14,900 जहरीले कैप्सूल बरामद किए। बताया जा रहा है कि हर कैप्सूल में करीब एक ग्राम जहर भरा गया था। आरोपी ने लगभग 50 किलो जिंक फॉस्फाइड मंगाया था और करीब 30 हजार जहरीले कैप्सूल तैयार करने की योजना बना रहा था।
पुलिस के अनुसार आरोपी फैयाज पुणे का रहने वाला है और पेंट का कारोबार करता है। पूछताछ में उसके साल 2025 में ईरान और इराक जाने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसकी यात्राओं और इस मामले के बीच कोई संबंध है या नहीं।
विशेषज्ञों के मुताबिक जिंक फॉस्फाइड शरीर में पहुंचने के बाद जहरीली फॉस्फीन गैस बना सकता है, जिससे शरीर के कई अंग प्रभावित हो सकते हैं। इसके सेवन से उल्टी, पेट दर्द, सांस लेने में परेशानी, बेहोशी, ब्लड प्रेशर गिरना और गंभीर स्थिति में मौत तक हो सकती है।
पुलिस इस मामले को गंभीर साजिश के एंगल से भी जांच रही है। अगर किसी भीड़ या लोगों को नुकसान पहुंचाने की मंशा साबित होती है तो आरोपी पर हत्या के प्रयास, आपराधिक साजिश और सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने जैसी गंभीर धाराएं लग सकती हैं।
