दिल्ली: अगर आज यानी 1 जुलाई से आपकी जेब पर असर पड़ने वाला है, तो इसकी वजह हैं देशभर में लागू हुए 8 बड़े बदलाव। इनमें गैस सिलेंडर की कीमत, पासपोर्ट फीस, ट्रेन में बिना टिकट यात्रा का जुर्माना, कारों की कीमत और आधार अपडेट जैसे कई अहम नियम शामिल हैं।
सबसे पहले राहत की खबर। कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में औसतन 180 रुपये की कटौती की गई है। इससे होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग कारोबार की लागत कम होगी, जिसका फायदा आम ग्राहकों को भी मिल सकता है। हालांकि घरेलू 14.2 किलो वाले गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
दूसरी ओर नयारा एनर्जी ने पेट्रोल 5 रुपये और डीजल 3 रुपये प्रति लीटर सस्ता किया है। वहीं पेट्रोल पंपों पर एक वाहन में प्रतिदिन 200 लीटर डीजल भरने की सीमा भी समाप्त कर दी गई है, जिससे ट्रांसपोर्ट और उद्योग क्षेत्र को बड़ी राहत मिलेगी।
अब बात उन बदलावों की जो आपकी जेब पर अतिरिक्त बोझ डालेंगे। पासपोर्ट बनवाना और री-इश्यू कराना महंगा हो गया है। सामान्य पासपोर्ट की फीस अब 1,500 रुपये से बढ़कर 2,500 रुपये हो गई है। वहीं ट्रेन में बिना टिकट यात्रा करने पर न्यूनतम जुर्माना 250 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया गया है। यानी अब नियम तोड़ना पहले से ज्यादा महंगा पड़ेगा।
राहत की एक और खबर यह है कि आधार कार्ड में ईमेल अपडेट कराने की सुविधा 31 दिसंबर 2026 तक मुफ्त कर दी गई है।
इसके अलावा एविएशन टर्बाइन फ्यूल यानी ATF की कीमतों में कटौती की गई है, जिससे आने वाले समय में हवाई टिकट सस्ते हो सकते हैं। वहीं किआ, टाटा समेत कई ऑटोमोबाइल कंपनियों ने 1 जुलाई से अपनी कारों की कीमतें बढ़ा दी हैं।
कुल मिलाकर, जुलाई की शुरुआत राहत और महंगाई—दोनों की मिली-जुली तस्वीर लेकर आई है। ऐसे में नए नियमों की जानकारी रखना आपकी जेब और दैनिक जीवन, दोनों के लिए बेहद जरूरी है।
