उत्तर प्रदेश: लखनऊ के विभूतिखंड थाना क्षेत्र स्थित समिट बिल्डिंग में पुलिस ने एक बड़े फर्जी इंटरनेशनल कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। साइबर सेल और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में 11वीं मंजिल पर संचालित हो रहे इस कॉल सेंटर से 119 युवक-युवतियों को हिरासत में लिया गया है।
बताया जा रहा है कि Solaris Solution के नाम से चल रहे इस कॉल सेंटर के जरिए विदेशी नागरिकों को ऑनलाइन शॉपिंग कंपनियों से रिफंड दिलाने का झांसा देकर ठगी की जाती थी। आरोपी कथित तौर पर डॉलर आधारित कॉलिंग ऐप का इस्तेमाल कर विदेशों में लोगों को निशाना बनाते थे। पुलिस के अनुसार, इस पूरे नेटवर्क का सरगना विदेश में बैठकर संचालन कर रहा था।

छापेमारी मंगलवार देर रात करीब 1 बजे शुरू हुई और बुधवार दोपहर तक चली। कर्मचारियों की संख्या अधिक होने के कारण पुलिस को आरोपियों को ले जाने के लिए तीन बसें बुलानी पड़ीं। कार्रवाई के दौरान कई युवतियां चेहरा छिपाकर बाहर निकलती दिखाई दीं।
पुलिस ने मौके से लगभग 100 लैपटॉप, 178 कॉलिंग मोबाइल फोन, कई डिजिटल उपकरण और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। ऑपरेशन मैनेजर ललित खैराजानी और विक्रम सिंह परमार से पूछताछ जारी है। डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी गई है और वित्तीय लेन-देन के साथ संभावित विदेशी कनेक्शन की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क के जरिए कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया गया और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
