कर्नाटक की पत्थर खदान में बड़ा हादसा! 40 फीट ऊंची चट्टान गिरी, बिहार के 8 मजदूरों की मौत

दिल्ली: कर्नाटक के बेंगलुरु साउथ तालुक क्षेत्र से एक बेहद दुखद हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक पत्थर की खदान में लगभग 40 फीट ऊंचाई से विशाल चट्टान गिरने से बिहार के 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूर घायल हो गए हैं। हादसे के समय खदान में करीब 18 मजदूर काम कर रहे थे।

घटना के तुरंत बाद पुलिस, दमकल और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। मलबा हटाने का काम जारी है। आशंका जताई जा रही है कि कुछ मजदूर अब भी चट्टानों के नीचे फंसे हो सकते हैं। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, हालांकि उनकी संख्या को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस के अनुसार, सभी मृतक दिहाड़ी मजदूर थे और स्टोन क्रशर साइट पर काम कर रहे थे। सभी मजदूर बिहार के रहने वाले बताए गए हैं। प्रशासन ने उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

प्रत्यक्षदर्शी और एक्सकेवेटर चालक परशुराम ने बताया कि जैसे ही उन्होंने काम शुरू करने के लिए मशीन चालू की, अचानक पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा ढह गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि मजदूरों को बचने का मौका तक नहीं मिला। दुर्घटना में कई लोडिंग वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और एक ट्रैक्टर भी पूरी तरह टूट गया।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि खदान में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। मामले में लापरवाही मिलने पर संबंधित खदान संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

कर्नाटक सरकार ने हादसे पर गहरा दुख जताया है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। यह हादसा एक बार फिर खदानों में मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

Related posts