BJP ब्लॉक प्रमुख के भतीजे की चोरी हुई भैंस 48 घंटे में बरामद, 150 CCTV खंगालकर पुलिस ने दबोचा शातिर चोर

लखनऊ (मोहनलालगंज): लखनऊ के निगोहां थाना क्षेत्र में पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर पशु चोरी के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी की गई दो भैंसें भी बरामद कर ली हैं, जिनमें एक भारतीय जनता पार्टी के ब्लॉक प्रमुख ओम प्रकाश शुक्ला के भतीजे अभिषेक शुक्ला की बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, बाजपेई खेड़ा निवासी अभिषेक शुक्ला और पश्चिम गांव निवासी वंश दीपक अवस्थी की भैंसें चोरी हो गई थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए निगोहां पुलिस ने विशेष टीम गठित की और करीब 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

थानाध्यक्ष रवींद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने बाराबंकी निवासी राजन को जंगल-मंगल तिराहे के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों दिलीप उर्फ छोटू और देवराज के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस ने दोनों चोरी की गई भैंसों को सकुशल बरामद कर लिया है, जबकि फरार दोनों आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राजन पर चोरी, लूट और एनडीपीएस एक्ट समेत पांच आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

मामले के सफल खुलासे के बाद भाजपा ब्लॉक प्रमुख ओम प्रकाश शुक्ला ने निगोहां पुलिस टीम को सम्मानित किया। उन्होंने थानाध्यक्ष रवींद्र कुमार, एसआई कुलदीप कुमार, चंदन यादव तथा कांस्टेबल रोहित, जावेंद्र और रजकरन को अंगवस्त्र और मां विंध्यवासिनी की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया। ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित परिवार को बड़ी राहत मिली है और अपराधियों के खिलाफ कड़ा संदेश गया है।

Related posts