वाराणसी की पावन धरती पर गुरुवार को भारतीय वायुसेना ने अपने शौर्य और अद्भुत हवाई कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। काशी में आयोजित ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो के पहले दिन गंगा के ऊपर लड़ाकू विमानों और हेलिकॉप्टरों के हैरतअंगेज करतब देखने को मिले। नमो घाट से लेकर अस्सी घाट तक बड़ी संख्या में लोग इस ऐतिहासिक नजारे के गवाह बने।
एयर शो के दौरान चिनूक हेलिकॉप्टर ने गंगा के पानी को टच करते हुए उड़ान भरी। इस रोमांचक दृश्य को देखकर घाटों पर मौजूद लोगों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘जय हिंद’ के नारे लगाए। वहीं, तीन हेलिकॉप्टरों ने गंगा के ऊपर फूलों की बारिश की और सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने आसमान में तिरंगा बनाकर दर्शकों का दिल जीत लिया।
राफेल और सुखोई-30 एमकेआई जैसे लड़ाकू विमानों ने तेज रफ्तार से उड़ान भरते हुए शानदार करतब दिखाए। जगुआर, मिराज-2000, तेजस और मिग-29 ने भी विशेष फॉर्मेशन में उड़ान भरी। आसमान में विमानों की गर्जना और हेलिकॉप्टरों की शानदार संरचनाओं ने लोगों को रोमांचित कर दिया।
भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना वर्ष के अवसर पर आयोजित इस एयर शो में कुल 100 विमानों के शामिल होने की जानकारी दी गई है। इनमें 52 लड़ाकू विमान, 32 हेलिकॉप्टर, 15 परिवहन विमान और विंटेज विमान शामिल हैं।
‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो 22, 23 और 25 अक्टूबर को आयोजित किया जा रहा है। अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी शामिल होने का कार्यक्रम बताया गया है।
एयर शो को देखते हुए वाराणसी में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। घाटों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती, बैरिकेडिंग, मेडिकल टीमों और एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। काशी का यह एयर शो भारतीय वायुसेना की ताकत, तकनीक और साहस का शानदार प्रदर्शन बनकर सामने आया है।
