हरिद्वार: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार पहुंचकर आगामी कांवड़ मेले की तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हरिद्वार को आधुनिक, सुरक्षित और विश्वस्तरीय आध्यात्मिक नगरी के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा कांवड़ मेले की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा करोड़ों शिवभक्तों की आस्था का महापर्व है। इसलिए यात्रा मार्ग, पार्किंग, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सीएम धामी ने स्पष्ट किया कि कांवड़ मेले के दौरान अस्थायी और स्थायी दुकान लगाने वाले सभी व्यापारियों के लिए पंजीकरण और आवश्यक प्रमाणपत्र अनिवार्य होंगे। बिना रजिस्ट्रेशन किसी भी व्यक्ति को व्यापार करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन को इस संबंध में सख्त निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने खाद्य पदार्थों में मिलावट और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए खाद्य सुरक्षा विभाग, नगर निगम और प्रशासन की टीमें लगातार होटल, ढाबों और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर रही हैं।
नाम बदलकर दुकान चलाने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन सभी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखे हुए है और नियमों के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को संदिग्ध गतिविधियों, फर्जीवाड़े और कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों पर विशेष सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने देशभर से आने वाले शिवभक्तों से प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करने और शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित कांवड़ यात्रा में सहयोग करने की अपील भी की।
