मथुरा: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा बुधवार तड़के वृंदावन स्थित संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचे। सुबह करीब चार बजे दोनों यमुना विहार कुंज आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने नंगे पैर जाकर संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
बारिश के कारण आश्रम तक जाने वाले रास्ते में कीचड़ था। इस दौरान विराट कोहली अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा का हाथ थामे सावधानी से चलते नजर आए। दोनों ने चेहरे पर मास्क लगाया हुआ था और सादगीपूर्ण अंदाज में आश्रम पहुंचे। प्रेमानंद महाराज के शिष्यों ने उनका स्वागत किया। करीब एक घंटे तक दोनों आश्रम में रहे। बाहर निकलते समय विराट के माथे पर चंदन का टीका और हाथ में प्रसाद दिखाई दिया।
इसके बाद विराट और अनुष्का संत प्रेमानंद महाराज के गुरु हित गोविंद शरण महाराज के आश्रम भी पहुंचे और वहां भी दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
यह पहली बार नहीं है जब विराट और अनुष्का वृंदावन पहुंचे हों। दोनों अब तक आठ बार संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात कर चुके हैं। वर्ष 2023 में पहली मुलाकात के बाद से दोनों समय-समय पर आध्यात्मिक मार्गदर्शन और आशीर्वाद लेने आश्रम आते रहे हैं। इसी वर्ष यह उनकी चौथी यात्रा बताई जा रही है।
गौरतलब है कि हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज समाप्त होने के बाद विराट कोहली सीधे वृंदावन पहुंचे। वहीं 23 जुलाई से आश्रम में गुरु पूर्णिमा महोत्सव भी शुरू होने जा रहा है, जिसमें देशभर से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
