संसद में संजय सिंह का हमला, कंगना रनोट पर बिना नाम लिए साधा निशाना; ‘जनरेशन गटर’ टिप्पणी पर घमासान

देश : संसद के मानसून सत्र के दौरान गुरुवार को आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भाजपा सांसद कंगना रनोट का नाम लिए बिना उन पर तीखा हमला बोला। अपने भाषण में उन्होंने कहा कि भाजपा की एक सांसद ने पहले किसान आंदोलन के दौरान किसानों का अपमान किया, फिर युवाओं के आंदोलन पर ऐसी आपत्तिजनक टिप्पणी की जिसे सदन के भीतर दोहराया भी नहीं जा सकता। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि उस सांसद ने देश की बेटियों के चरित्र पर भी सवाल उठाए हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और अस्वीकार्य है।

संजय सिंह ने सदन में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी सांसद को समझाएं और सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा बनाए रखने की सलाह दें। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने यह भी कहा कि पहले उस सांसद को सिर्फ एक थप्पड़ पड़ा था और यदि इस तरह की भाषा का इस्तेमाल जारी रहा तो देश का युवा इसे बर्दाश्त नहीं करेगा। उनके इस बयान के बाद सदन में कुछ देर तक हंगामे की स्थिति भी बनी रही।

दरअसल, संजय सिंह का यह बयान कंगना रनोट की हालिया इंस्टाग्राम स्टोरी के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कुछ युवा महिलाओं को ‘जनरेशन गटर’ कहा था। कंगना ने अपने पोस्ट में लिखा था कि कई युवा महिलाएं स्वतंत्र जीवनशैली की नकल तो करना चाहती हैं, लेकिन उसके साथ आने वाली जिम्मेदारियों को निभाना नहीं चाहतीं। उन्होंने इसे पश्चिमी सोच से प्रभावित नई पीढ़ी का उदाहरण बताते हुए ‘जनरेशन गटर’ शब्द का इस्तेमाल किया था, जिस पर सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं।

गौरतलब है कि 6 जून 2024 को चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर CISF की महिला कॉन्स्टेबल कुलविंदर कौर ने कंगना रनोट को थप्पड़ मार दिया था। उस घटना ने भी देशभर में बड़ा राजनीतिक और सामाजिक विवाद खड़ा किया था। अब संसद में संजय सिंह के बयान और कंगना की टिप्पणी को लेकर सियासी बहस एक बार फिर तेज हो गई है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है

Related posts