लखनऊ। मड़ियांव थाना क्षेत्र के फैजुल्लागंज की मामा कॉलोनी में 22 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि युवक के दोस्त ने अपनी मां की पायल बेच दी थी। इसकी जानकारी होने पर युवक ने दोस्त को यह बात उसके घरवालों को बताने की बात कही थी। इसी बात से नाराज दोस्त ने अपने पिता के साथ मिलकर युवक की हत्या कर दी।
मृतक की पहचान शुभम सोनी के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 7 बजे शुभम को उसका दोस्त सुमित घूमने के बहाने घर से बुलाकर ले गया था। आरोप है कि बाद में सुमित और उसके पिता मथुरा ने शुभम के साथ मारपीट की और उसके पेट में लोहे की रॉड घोंप दी।
घटना से जुड़ी CCTV फुटेज भी सामने आई है। इसमें शुभम एक गली में भागता हुआ दिखाई देता है। इसी दौरान कुछ लोग उसका पीछा करते हैं और उसके साथ मारपीट करते नजर आते हैं। घायल शुभम किसी तरह वहां से निकलता है, लेकिन ज्यादा खून बहने के कारण वह लड़खड़ाकर दीवार के सहारे खड़ा हो जाता है। कुछ देर बाद वह जमीन पर गिर जाता है।
परिजनों का कहना है कि रविवार सुबह शुभम का शव उसके घर के बाहर पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, शुभम के भाई शिवम की शिकायत पर सुमित और उसके पिता मथुरा के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पूछताछ और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
वहीं, शुभम की मां मालती सोनी ने अपने बेटे के अन्य दोस्तों पर भी हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले में सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
