सीतापुर में IPS के पिता पर 25 राउंड फायरिंग कराने का आरोप: महिला बोली- घर से खींचकर हत्या की धमकी दी, डेढ़ करोड़ की जमीन का विवाद

सीतापुर। महोली कोतवाली क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर एक महिला के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग का मामला सामने आया है। महिला ने झारखंड में ट्रेनी IPS के तौर पर तैनात मयंक बाजपेई के पिता विपिन बाजपेई पर फायरिंग कराने का आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि करीब 24 से 25 हथियारबंद लोग उसके घर पहुंचे और 20 से 25 राउंड फायरिंग की।

घटना रविवार दोपहर करीब 2 बजे अढ़ौरी बाईपास मोड़ के पास की बताई जा रही है। महिला शोभना शुक्ला के मुताबिक, हमलावरों ने घर के बाहर गाली-गलौज की और उसे घर से बाहर खींचकर जान से मारने की धमकी दी। फायरिंग में घर की दीवार और बाहर लगे सोलर पैनल पर गोलियों के निशान मिले हैं।

महिला का आरोप है कि विवाद करीब डेढ़ करोड़ रुपये की जमीन को लेकर चल रहा है। उनके मुताबिक, उन्होंने 2018 में अढ़ौरी बाईपास पर करीब 19 बिस्वा जमीन का बैनामा कराया था। वहीं, IPS मयंक बाजपेई के पिता ने 2022 में इसी जमीन को लेकर बैनामा कराया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ।

महिला का दावा है कि करीब दो महीने पहले महोली तहसील में जमीन संबंधी फैसला उनके पक्ष में आया था। इसके बावजूद दूसरे पक्ष पर जमीन पर कब्जे की कोशिश का आरोप लगाया गया है।

पुलिस ने मौके से कारतूस के खोखे बरामद किए हैं। महिला की शिकायत पर विपिन बाजपेई समेत 22 नामजद और 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।

हालांकि, पुलिस के मुताबिक घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि फायरिंग और जमीन विवाद से जुड़े सभी आरोपों की जांच की जा रही है।

Related posts