रांची में छात्रों का विधानसभा घेराव: बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़े हजारों छात्र, वाटर कैनन के बीच प्रदर्शन; CGL परीक्षा रद्द कर CBI जांच की मांग

रांची। झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन सोमवार को और तेज हो गया। राजधानी रांची में हजारों छात्र विधानसभा घेराव के लिए सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने कई जगहों पर लगी बैरिकेडिंग को पार किया और विधानसभा की ओर बढ़ने की कोशिश की। छात्रों को रोकने के लिए पुलिस ने कई स्थानों पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।

प्रदर्शन के दौरान कई छात्र कंटीले तार वाली बैरिकेडिंग पर चढ़ते दिखाई दिए। वहीं, वाटर कैनन से पानी की बौछार के बीच कुछ प्रदर्शनकारी डांस करते नजर आए। स्थिति को देखते हुए विधानसभा के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। करीब 6 लेयर की बैरिकेडिंग और लगभग 2 हजार जवानों की तैनाती की गई है। CCTV और अन्य माध्यमों से निगरानी की जा रही है।

JSSC-CGL परीक्षा को रद्द करने और पूरे मामले की CBI जांच की मांग को लेकर छात्र लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो भी करीब 9 दिनों से अनशन पर हैं। स्वास्थ्य कारणों के बावजूद वे एंबुलेंस से विधानसभा घेराव में शामिल होने पहुंचे।

प्रदर्शन से पहले छात्र नेताओं ने आंदोलन को शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से करने की अपील की। देवेंद्रनाथ महतो ने कहा कि वे किसी तरह की अप्रिय घटना या खून-खराबा नहीं चाहते।

इधर, छात्रों के समर्थन में भाजपा नेताओं ने भी मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरना दिया और सरकार से जवाब मांगते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग की।

मामले में पुलिस-प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था का उद्देश्य किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकना है। अधिकारियों ने छात्रों से शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अपील की है। वहीं, छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर ठोस फैसला नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा।

Related posts