उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश में राशन वितरण व्यवस्था से जुड़े कोटेदारों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ी सौगात का ऐलान किया है। सोमवार को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में बढ़ोतरी की गई। प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं को अब प्रति कुंतल 125 रुपये लाभांश मिलेगा, जो पहले 90 रुपये था। यानी कोटेदारों के लाभांश में 35 रुपये प्रति कुंतल की वृद्धि हुई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मौके पर सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के तहत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का शुभारंभ भी किया। सरकार का कहना है कि तकनीक के इस्तेमाल से राशन वितरण में पारदर्शिता बढ़ी है और राशन की दुकानों तक खाद्यान्न पहुंचाने की व्यवस्था को पहले से बेहतर बनाया गया है।
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से उत्तर प्रदेश में करीब 15 करोड़ लोगों को लगातार निःशुल्क राशन मिल रहा है। सरकार का जोर यह सुनिश्चित करने पर है कि जरूरतमंद लोगों तक राशन बिना किसी परेशानी और पारदर्शी तरीके से पहुंचे। निराश्रित और दिव्यांग लोगों तक राशन पहुंचाने की व्यवस्था पर भी काम किया जा रहा है।
सरकार राशन की दुकानों को केवल खाद्यान्न वितरण तक सीमित रखने के बजाय उन्हें अन्नपूर्णा भवन के रूप में विकसित कर रही है। इन दुकानों पर राशन के अलावा कई उपयोगी वस्तुओं की बिक्री की अनुमति भी दी जा रही है, जिससे कोटेदारों की आय के अतिरिक्त साधन विकसित हो सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोटेदार सरकार और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। लाभांश में बढ़ोतरी और तकनीकी सुधारों का उद्देश्य राशन वितरण व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ कोटेदारों के सम्मान और आर्थिक स्थिति में सुधार लाना है।
