34 दिन बाद भक्तों को दिखे प्रेमानंद महाराज, बुलेट पर सवार होकर पहुंचे यमुना किनारे; VIDEO वायरल

उत्तर प्रदेश: वृंदावन से संत प्रेमानंद महाराज की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने उनके भक्तों को खुश कर दिया है। करीब 34 दिनों बाद प्रेमानंद महाराज ने भक्तों को दर्शन दिए। इस बार उनका अंदाज भी कुछ अलग नजर आया। महाराज कार से नहीं, बल्कि बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर यमुना किनारे पहुंचे। उनका वीडियो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार को भाई दूज के अवसर पर प्रेमानंद महाराज अपने शिष्यों के साथ यमुना किनारे एक सुनसान स्थान पर साधना करने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि जिस जगह उन्हें जाना था, वहां कार से पहुंचना संभव नहीं था। ऐसे में उनके शिष्य और पूर्व रेसलर रिंकू सिंह ने बुलेट मोटरसाइकिल चलाई, जबकि प्रेमानंद महाराज उस पर सवार होकर पहुंचे।

महाराज को देखते ही वहां मौजूद भक्तों में उत्साह देखने को मिला। लोग उनके पीछे दौड़ने लगे और राधे-राधे के जयकारे लगाने लगे। भक्तों ने हाथ जोड़कर प्रणाम किया। प्रेमानंद महाराज ने भी दोनों हाथ उठाकर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। इसके बाद उन्होंने यमुना किनारे साधना की और फिर यमुना बिहार कुंज आश्रम लौट गए।

गौरतलब है कि प्रेमानंद महाराज पिछले कुछ महीनों से एकांतवास में रह रहे हैं। स्वास्थ्य कारणों से उनकी सार्वजनिक गतिविधियां भी सीमित हैं। वह इन दिनों वृंदावन में यमुना पार स्थित यमुना बिहार कुंज आश्रम में रह रहे हैं। बताया जाता है कि इसी आश्रम में उनकी डायलिसिस भी होती है।

इससे पहले 8 अक्टूबर को वह केली कुंज आश्रम पहुंचे थे, जहां उन्होंने अपने गुरु के दर्शन किए थे।

34 दिनों बाद महाराज की झलक मिलने से उनके अनुयायियों में खुशी का माहौल है। सोशल मीडिया पर भी बुलेट की सवारी और भक्तों को आशीर्वाद देते उनके वीडियो की खूब चर्चा हो रही है।

Related posts