विद्या निकेतन में युवा संवाद कार्यक्रम संपन्न, विद्यार्थियों को दिया व्यक्तित्व निर्माण और राष्ट्र सेवा का संदेश

गोला गोकर्णनाथ-खीरी। स्थानीय वि.कु.स्मा. सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज में सोमवार, 31 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में ‘युवा संवाद कार्यक्रम’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 11 और 12 के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक आकाश जी और नगर प्रचारक नितिन जी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। वक्ताओं ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि युवा अपनी दैनिक जिम्मेदारियों, नागरिक कर्तव्यों और सामाजिक सहयोग के माध्यम से देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

जिला प्रचारक आकाश जी ने युवाओं को व्यक्तित्व निर्माण और राष्ट्र निर्माण के संबंध को समझाते हुए कहा कि मजबूत व्यक्तित्व ही राष्ट्र निर्माण की नींव तैयार करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, सक्रियता, विनम्र व्यवहार और विपरीत परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान उन्होंने प्रसिद्ध सूत्र “सर पर बर्फ, हृदय में पत्थर, मुंह में शक्कर और पैर में चक्कर” का उदाहरण देते हुए इसके अलग-अलग अर्थ समझाए।

उन्होंने कहा कि ‘सर पर बर्फ’ का अर्थ है कि कठिन परिस्थितियों में भी व्यक्ति को अपना दिमाग शांत रखना चाहिए और क्रोध में कोई गलत निर्णय नहीं लेना चाहिए। ‘मुंह में शक्कर’ का मतलब हमेशा मधुर और विनम्र भाषा का प्रयोग करना है।

इसी तरह ‘हृदय में पत्थर’ के माध्यम से उन्होंने निर्णय लेते समय व्यावहारिक और मजबूत बने रहने की सीख दी। वहीं ‘पैर में चक्कर’ का अर्थ बताते हुए कहा कि एक कर्मठ व्यक्ति को हमेशा सक्रिय रहना चाहिए और समाज के लोगों के बीच लगातार संपर्क बनाए रखना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने वक्ताओं से विभिन्न विषयों पर सवाल भी पूछे। वक्ताओं ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का जवाब देते हुए उन्हें समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य महेन्द्र कुमार त्रिपाठी ने दोनों वक्ताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन नगर कार्यवाह महेन्द्र नाथ पाठक ने किया।

Related posts