पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर ब्रांड पर FSSAI का शिकंजा

पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर की गुणवत्ता को लेकर फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) ने बड़ी कार्रवाई की है। तय सुरक्षा मानकों पर खरा नहीं उतरने और पानी के सैंपल में खतरनाक तत्व पाए जाने के बाद खाद्य नियामक ने संबंधित कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है।

FSSAI के मुताबिक, कंपनी के परिसर से जांच के लिए पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर (मिनरल वॉटर को छोड़कर) का एक रेगुलेटरी सैंपल लिया गया था। शुरुआती जांच में यह सैंपल ब्रोमेट की निर्धारित सीमा पर खरा नहीं उतरा, जिसके बाद इसे फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 के तहत असुरक्षित घोषित किया गया।

इसके बाद फूड बिजनेस ऑपरेटर (FBO) की अपील पर सैंपल को दोबारा जांच के लिए रेफरल फूड लेबोरेटरी भेजा गया। यहां जांच के दौरान पानी में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी भी पाई गई। इसके बाद रेफरल लैब ने भी सैंपल को असुरक्षित करार दिया।

दोनों जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा कानून के तहत उल्लंघन का मामला सामने आया, जिसके बाद FSSAI ने कंपनी के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दे दी।

खाद्य नियामक ने कहा कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा और खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए देशभर में निगरानी और निरीक्षण अभियान तेज किए जा रहे हैं। नियमों का उल्लंघन करने वाले खाद्य कारोबारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जा रही है।

खाद्य कारोबारियों को नियमों के प्रति किया जा रहा जागरूक

इससे पहले 12 नवंबर को FSSAI के नॉर्दर्न रीजनल ऑफिस ने आगरा में 300 से अधिक खाद्य कारोबारियों के लिए जागरूकता बैठक आयोजित की थी। निदेशक देवेश कुमार मेहला की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में खाद्य सुरक्षा मानकों, लाइसेंसिंग प्रक्रिया, स्वच्छता, पैकेजिंग और लेबलिंग नियमों के साथ ‘ईट राइट इंडिया’ अभियान पर चर्चा की गई थी।

रेड बुल के मामले में दिल्ली हाईकोर्ट का फैसला

वहीं, सितंबर में दिल्ली हाईकोर्ट ने रेड बुल को अपने उत्पादों पर ‘एनर्जी ड्रिंक’ शब्द का इस्तेमाल बंद करने के निर्देश देने वाले FSSAI के आदेश को रद्द कर दिया था। अदालत ने कहा था कि कंपनी को अपना पक्ष रखने का उचित अवसर दिए बिना आदेश जारी किया गया था।

जस्टिस अमित महाजन की पीठ ने प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के उल्लंघन के आधार पर कंपनी की याचिका स्वीकार की। हालांकि, अदालत ने स्पष्ट किया कि FSSAI शो-कॉज नोटिस जारी कर कंपनी को सुनवाई का मौका देने के बाद इस मामले पर दोबारा विचार कर सकता है।

Related posts