उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने गठबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर सोमवार से नई दिल्ली में अहम बातचीत शुरू होने जा रही है। कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी के आवास पर होने वाली यह बैठक 23 और 24 नवंबर तक चलेगी। इसमें दोनों पार्टियों के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
समाजवादी पार्टी की ओर से राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, सांसद राजीव राय और इकरा हसन बातचीत में हिस्सा लेंगे। बैठक का मुख्य एजेंडा 403 विधानसभा सीटों वाले उत्तर प्रदेश में आगामी चुनाव के लिए दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे का फॉर्मूला तय करना होगा।
दरअसल, समाजवादी पार्टी ने हाल ही में INDIA गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ सीटों के बंटवारे पर बातचीत के लिए चार सदस्यीय कमेटी गठित की है। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रामगोपाल यादव, श्याम लाल पाल, राजीव राय और इकरा चौधरी को बातचीत की जिम्मेदारी सौंपी है।वहीं, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने सपा की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे अच्छी शुरुआत बताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गठबंधन को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। पार्टी ने 2024 के लोकसभा चुनाव में गठबंधन की जिम्मेदारी निभाई थी और 2027 में भी पूरी मजबूती के साथ अपनी भूमिका निभाएगी।
उधर, सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने भरोसा जताया है कि INDIA गठबंधन 2027 में उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगा। उन्होंने कहा कि गठबंधन संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के उद्देश्य से एकजुट है। साथ ही उन्होंने असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी के गठबंधन के राजनीतिक प्रभाव को भी खारिज किया।
2022 में दोनों दलों का प्रदर्शन रहा था निराशाजनक
गौरतलब है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा ने 347 सीटों पर चुनाव लड़कर 111 सीटें जीती थीं, जबकि कांग्रेस 399 सीटों पर चुनाव लड़ने के बावजूद केवल दो सीटों पर ही जीत दर्ज कर सकी थी।हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव में INDIA गठबंधन का प्रदर्शन बेहतर रहा। समाजवादी पार्टी ने 62 सीटों पर चुनाव लड़कर 37 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस ने 17 सीटों में से छह सीटों पर जीत हासिल की।अब दोनों दल 2027 के विधानसभा चुनाव में इसी प्रदर्शन को आगे बढ़ाने की रणनीति बना रहे हैं। ऐसे में दिल्ली में होने वाली दो दिवसीय बैठक को यूपी की सियासत में बेहद अहम माना जा रहा है। इस बातचीत से यह भी साफ होगा कि सपा और कांग्रेस आगामी चुनाव में कितनी सीटों पर साथ लड़ने की रणनीति तैयार करती हैं।
