CM योगी पर मौलाना जर्जिश अंसारी की विवादित टिप्पणी, ‘लाशों का सौदागर’ बताने से मचा बवाल

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर इटावा के मौलाना जर्जिश अंसारी का विवादित बयान सामने आया है। बिहार के पूर्णिया में 20 नवंबर को एक तकरीर के दौरान मौलाना ने मुख्यमंत्री योगी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए उन्हें ‘लाशों का सौदागर’ बताया। मौलाना के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

तकरीर के दौरान मौलाना जर्जिश अंसारी ने फिलिस्तीन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि मौजूदा हालात में मुसलमानों की आवाज उठाने को भी अपराध की तरह देखा जाता है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में कथित मॉब लिंचिंग की घटनाओं का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि जब दूसरे राज्यों में लोगों की मौत होती है तो मुख्यमंत्री योगी प्रतिक्रिया देते हैं, लेकिन कथित तौर पर मॉब लिंचिंग की घटनाओं पर आवाज क्यों नहीं उठाई जाती?

मौलाना ने अपने बयान में कहा कि धर्म के नाम पर राजनीति करने वाले लोग वास्तव में धर्म की शिक्षाओं का पालन नहीं करते। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी को निशाने पर लेते हुए कई विवादित टिप्पणियां कीं और उन्हें ‘लाशों का सौदागर’ तक कह दिया।

पहले भी विवादित बयानों को लेकर रहे हैं चर्चा में

मौलाना जर्जिश अंसारी उत्तर प्रदेश के इटावा के रहने वाले इस्लामिक वक्ता हैं। इससे पहले भी वह अपने बयानों को लेकर विवादों में रह चुके हैं। भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए उनके एक बयान पर भी काफी विवाद हुआ था। उस दौरान उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण को मुस्लिम और पांच वक्त का नमाजी बताया था, जिस पर हिंदू संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताई थी।

फिलहाल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर दिए गए मौलाना के ताजा बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। इस बयान को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर प्रतिक्रियाएं सामने आने की संभावना है।

Related posts