लखनऊ (Lucknow) में चाइनीज मांझे की चपेट में आने से 6 साल की बच्ची की गर्दन और हाथ की उंगली कट गई। डॉक्टरों ने उसकी गर्दन में 10 टांके लगाए। इलाज के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने इस मामले में 6 पतंगबाजों को गिरफ्तार किया है।
रविवार दोपहर करीब 3 बजे बच्ची अपने पिता की बाइक पर आगे बैठकर जा रही थी। इसी दौरान वह चाइनीज मांझे की चपेट में आ गई। घटना वजीरगंज के जगत नारायण रोड गोलागंज चौराहे की है।
गर्दन में गहरा जख्म हुआ, उंगली भी कटी-
कैसरबाग ओडियन सिनेमा के पास खलील अहमद परिवार के साथ रहते हैं। रविवार दोपहर करीब 3 बजे वह बाइक से घर का सामान लेने जा रहे थे। उनकी 6 साल की बेटी अबीरा बाइक पर आगे बैठी थी। लालबत्ती चौराहे से कैसरबाग बस अड्डा जाने वाली रोड पर अचानक पतंग का मांझा अबीरा की गर्दन में फंस गया। इससे उसकी गर्दन और हाथ की एक उंगली कट गई।
पिता बोले- चाइनीज मांझा से पतंग उड़ाने वालों को जेल हो-
बच्ची के पिता खलील ने चाइनीज मांझा से पतंग उड़ाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
