उत्तर प्रदेश: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज उत्तर प्रदेश दौरे के दूसरे दिन वृंदावन में प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की। प्रेमानंद महाराज ने राष्ट्रपति को ब्रज की महिमा और सेवा भाव का महत्व समझाया। इसके बाद राष्ट्रपति ने वृंदावन में बाबा नीम करौली आश्रम में दर्शन पूजन किया और रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम अस्पताल में नंद किशोर सोमानी ऑन्कोलॉजी ब्लॉक का उद्घाटन किया। यहां कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि सरकार आज स्वास्थ्य सेवा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और प्रत्येक नागरिक के लिए गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। राष्ट्रपति ने वृंदावन के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व को बताते हुए कहा कि यहां की पावन धरा केवल एक भू-भाग नहीं, बल्कि दिव्यता और भक्ति का जीवंत अनुभव है। राष्ट्रपति ने आज शाम वात्सल्य ग्राम का भी दौरा किया। वह कल गोवर्धन के दानघाटी मंदिर में दर्शन पूजन के साथ ही पारंपरिक गोवर्धन परिक्रमा करेंगी।
