Lucknow: लखनऊ में कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को समाजवादी पार्टी मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के कार्यकर्ता हजरतगंज थाने पहुंचे और धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ लिखित शिकायत देकर FIR दर्ज करने की मांग की।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण को लेकर विवादित टिप्पणी की है, जिससे करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश सचिव प्रवेश यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा कि धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण की त्रिभंगी मुद्रा, उनके नाम और बांसुरी बजाने की शैली को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं।
इसके अलावा आरोप है कि उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की तुलना भगवान श्रीराम से करते हुए ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया, जिसे कार्यकर्ताओं ने अनुचित बताया है।
प्रवेश यादव का कहना है कि भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण दोनों ही सनातन धर्म के आराध्य हैं। दोनों के व्यक्तित्व, आदर्श और महिमा का अपना अलग महत्व है। एक भगवान की महिमा बताने के लिए दूसरे भगवान के स्वरूप को कमतर दिखाना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है।
यूथ ब्रिगेड के कार्यकर्ताओं ने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेने और धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
प्रवेश यादव ने चेतावनी दी है कि जब तक इस मामले में कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
फिलहाल मामला लखनऊ के हजरतगंज थाने में दी गई तहरीर तक सामने आया है। पुलिस की ओर से FIR दर्ज किए जाने की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
