अमेरिका में अमीरों के बीच 3 बच्चे पैदा करने का ट्रेंड बढ़ा, तीसरा बच्चा बना स्टेटस सिंबल; परवरिश पर खर्च हो रहे करोड़ों रुपये

दिल्ली: अमेरिका में अमीर परिवारों के बीच तीन या उससे ज्यादा बच्चे पैदा करने का चलन तेजी से चर्चा में है। दिलचस्प बात यह है कि जहां महंगाई और बच्चों की परवरिश का बढ़ता खर्च आम परिवारों को छोटे परिवार रखने के लिए मजबूर कर रहा है, वहीं देश के सबसे अमीर परिवार बड़े परिवारों को रुतबे की निशानी मान रहे हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका के सबसे अमीर एक प्रतिशत परिवारों में करीब आधे परिवारों के तीन या उससे ज्यादा बच्चे हैं। वहीं कम आय वाले परिवारों में तीन या उससे ज्यादा बच्चों वाले परिवारों की हिस्सेदारी करीब 40 से 43 प्रतिशत बताई गई है।

रिपोर्ट में अर्थशास्त्री माइक कॉन्जल के हवाले से बताया गया है कि अमीर परिवारों के लिए तीसरा बच्चा अब स्टेटस सिंबल यानी सामाजिक प्रतिष्ठा का प्रतीक बनता जा रहा है। यह चलन 1990 के दशक से जारी है।

अब बात बच्चों की परवरिश पर होने वाले खर्च की करें तो अमेरिकी कंपनी लेंडिंगट्री की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका में एक बच्चे को जन्म से 18 साल की उम्र तक पालने में औसतन करीब 3 करोड़ रुपये खर्च होते हैं। यानी हर साल लगभग 15 लाख रुपये।

इस खर्च में बच्चे का खाना, घर, स्वास्थ्य बीमा, परिवहन और देखभाल जैसी जरूरतें शामिल हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, बच्चे के शुरुआती पांच साल सबसे ज्यादा महंगे होते हैं। इस दौरान हर साल औसतन करीब 26 लाख रुपये खर्च हो सकते हैं। इसकी बड़ी वजह डे-केयर और बच्चों की देखभाल पर होने वाला खर्च है।

वहीं, छह से 18 साल की उम्र के दौरान यह खर्च घटकर औसतन करीब 10.7 लाख रुपये सालाना रह जाता है।

कुल मिलाकर, अमेरिका में अमीर और मध्यमवर्गीय परिवारों के बीच बच्चों की संख्या को लेकर आर्थिक अंतर की एक नई तस्वीर सामने आ रही है।

Related posts