उत्तर प्रदेश:– एडीजी मेरठ ज़ोन भानु भास्कर बागपत जनपद के बड़ौत थाना पहुंचे। यहां उन्होंने कोतवाली की नवनिर्मित और रिनोवेशन की गई बिल्डिंग का अनावरण किया। इस मौके पर उन्होंने चाइनीज मांझे की बिक्री और उपयोग को लेकर पुलिस को सख्त निर्देश दिए। एडीजी ने कहा कि चाइनीज मांझा बेचने वालों के खिलाफ तुरंत मुकदमा दर्ज किया जाए। साथ ही अगर कोई व्यक्ति चाइनीज मांझे से पतंग उड़ाते हुए पकड़ा जाता है, तो उसके खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई हो। एडीजी भानु भास्कर ने कहा कि चाइनीज मांझा आम लोगों, राहगीरों और पक्षियों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है, इसलिए इसकी बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध सख्ती से लागू किया जाए। दौरे के दौरान उन्होंने थाने में स्थापित क्रांतिकारी बाबा शाहमल की प्रतिमा का भी अनावरण किया। कार्यक्रम में मिशन शक्ति अभियान के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कलानिधि नैथानी और सूरज कुमार राय भी मौजूद रहे। यह दौरा बागपत पुलिस के अभियानों और प्रशासनिक सख्ती के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
